30.8 C
Varanasi

धान की खरीद सुनिश्चित कराने सड़क पर उतरे पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू, पुलिस ने हाइवे पर थमाया नोटिस, नियमों को ताक पर रखकर शुरू हो गई खरीद…

Published:

The News Point:- चंदौली में किसानों के धान की खरीद सुनिश्चित कराने के लिए समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव और पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू सोमवार को सड़क पर उतर आए। इस दौरान वह धान लदे ट्रैक्टरों के साथ सैयदराजा स्थित अपने आवास से नवीन मंडी के लिए निकले। जैसे ही उनका काफिला आगे बढ़ा, पुलिस ने उन्हें हाइवे पर रोक लिया और नोटिस तामील कराते हुए आगे बढ़ने से रोकने का प्रयास किया।

हालांकि, मनोज सिंह डब्लू किसानों के हितों की बात कहते हुए नवीन मंडी पहुंच गए। वहां पहले से मौजूद डिप्टी आरएमओ की उपस्थिति में किसानों के धान की खरीद प्रक्रिया शुरू कराई गई। आरोप है कि पूर्व विधायक के दबाव के चलते डिप्टी आरएमओ ने बिना विधिवत तौल के ही किसानों का अंगूठा लगवा दिया।

धान के कटोरे में किसान खून के आंसू रो रहे

पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने कहा कि धान उत्पादन के लिए प्रसिद्ध जिले में किसान अपनी उपज बेचने के लिए परेशान हैं। उन्होंने बताया कि हाल ही में एक किसान अपनी बेटी की शादी के लिए धान बेचने की मजबूरी लेकर उनके पास पहुंचा था। धान की बिक्री न होने से उसकी बेटी की शादी अधर में लटकी हुई है।

उन्होंने कहा कि किसानों की वेदना से आहत होकर उन्होंने किसानों का आह्वान किया, ताकि प्रशासन के माध्यम से उनके धान की खरीद सुनिश्चित कराई जा सके। यदि प्रशासन खरीद नहीं करता, तो स्वयं तौल कराकर भुगतान सुनिश्चित किया जाता। कहा कि किसान परिवारों की पढ़ाई, दवाई, शादी-विवाह जैसे आवश्यक कार्य खेती से होने वाली आय पर निर्भर करते हैं। ऐसे में यदि क्रय केंद्रों पर धान की खरीद नहीं होगी तो किसान कहां जाएंगे?

क्रय केंद्रों पर अवैध वसूली का आरोप

मनोज सिंह डब्लू ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में क्रय केंद्र “लूट केंद्र” बन गए हैं। किसानों से प्रति बोरा अधिक उपज ली जा रही है और अंगूठा लगाने के नाम पर 250 रुपये तक वसूले जा रहे हैं। इतना ही नहीं, किसानों को अंगूठा लगाने के लिए दो-दो महीने तक इंतजार करना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि पुलिस ने किसानों के ट्रैक्टर रोकने में जितनी तत्परता दिखाई, यदि उतनी सक्रियता धान की खरीद में दिखाई जाती तो ऐसी स्थिति उत्पन्न नहीं होती। कहा कि प्रशासन पूर्व निर्धारित कार्यक्रम को देखते हुए जिला मुख्यालय को जोड़ने वाले प्रमुख मार्गों पर पुलिस की तैनाती की गई, ताकि नवीन मंडी में किसानों की भीड़ को नियंत्रित किया जा सके।

हालांकि किसी भी प्रकार के गतिरोध से बचने के लिए डिप्टी आरएमओ स्वयं नवीन मंडी में मौजूद रहे। पूर्व विधायक के पहुंचते ही किसानों के धान की तौल प्रक्रिया तेज गति से शुरू कराई गई। प्रशासन ने आश्वासन दिया कि जिन किसानों को विभिन्न स्थानों पर रोका गया है, उनके धान की तौल और अंगूठा लगाने की प्रक्रिया स्थानीय स्तर पर सुनिश्चित की जाएगी। प्रशासन ने यह भी भरोसा दिलाया कि आगामी 28 फरवरी तक शेष किसानों के धान की खरीद निर्बाध रूप से पूरी कर ली जाएगी।

डिप्टी आरएमओ ने नियमों को ताक पर रखकर हुई खरीदारी 

नवीन मंडी में उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया जब पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू किसानों के साथ वहां पहुंचे. उनके पहुंचने से पहले ही डिप्टी आरएमओ पूरे दलबल के साथ मंडी परिसर में मौजूद थे और स्थिति पर नजर बनाए हुए थे. जैसे ही पूर्व विधायक मंडी पहुंचे, डिप्टी आरएमओ सीधे ट्रैक्टरों के पास पहुंचे. इस दौरान नियमों को दरकिनार करते हुए कुछ किसानों का धान बिना विधिवत तौल के ही अंगूठा लगवाकर प्रक्रिया आगे बढ़ा दी गई.

स्थानीय किसानों का कहना है कि सामान्य दिनों में अंगूठा लगाने और तौल की प्रक्रिया के लिए चक्कर लगाने पड़ते हैं, लेकिन सोमवार को माहौल अलग नजर आया. बेटाडीह निवासी एक किसान ने बताया कि उसका अंगूठा लग गया है और अब धान की तौल की जा रही है। उसने कहा कि इसी कार्य के लिए वह लंबे समय से परेशान था और कई बार प्रयास के बावजूद प्रक्रिया पूरी नहीं हो पा रही थी। पूर्व विधायक की मौजूदगी में प्रशासनिक सक्रियता बढ़ने से किसानों में राहत की उम्मीद जगी है, हालांकि नियमों के पालन को लेकर सवाल भी उठ रहे ।

सम्बंधित पोस्ट

लेटेस्ट पोस्ट

spot_img

You cannot copy content of this page